घर से लापता युवक का पशुशाला में मिला शव,मचा कोहराम,गला दबाकर हत्या का आरोप 

उझानी। क्षेत्र में गांव से लापता युवक का शव घर के पास पशुशाला के बाहर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने गांव के चार युवकों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत होने की बात सामने आई है।

मामला उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव नरऊ का है। यहां के रहने वाले 19 वर्षीय अमन का रविवार को गांव के कुछ युवकों से विवाद हो गया था। इस मामले में पुलिस को तहरीर भी दी गई थी। मृतक के बड़े भाई अमर ने बताया कि तहरीर के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि अमन घर में चल रहे निर्माण कार्य के लिए सीमेंट लेने गया था, तभी गांव के बाहर चार युवकों ने उससे 20 हजार रुपये छीन लिए और धमकी दी। शाम के समय अमन लापता हो गया। परिजनों ने देर रात तक गांव और खेतों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह घर के पास पशुशाला के गेट पर अमन का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पशुशाला के अंदर एक पेड़ पर दुपट्टा लटका मिला, जिसके बाद मामला संदेहास्पद हो गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर दुपट्टे को कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ उझानी सुनील कुमार और एसपी सिटी अभिषेक सिंह भी मौके पर पहुंचे। बताया कि तहरीर में लगाए गए आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि युवक के गले पर रगड़ के निशान मिले हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ