छह माह की विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या का आरोप
बदायूं। छह महीने पहले विवाह बंधन में बंधी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत चार लोगों पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ न होने पर विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।
मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नौगवां का है। संभल जिले के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव नाधौंस निवासी रामवीर ने दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी नीलम की शादी 25 नवंबर 2025 को इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नौगवां निवासी दिनेश के साथ हुई थी। शादी को अभी करीब छह महीने ही हुए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दिनेश, पोशाकी , मुकेश और गोवर्धन दहेज को लेकर नीलम को प्रताड़ित करते थे। मायके पक्ष का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला और नीलम के साथ मारपीट की जाती थी।
रामवीर ने तहरीर में आरोप लगाया कि 23 मई की रात करीब एक बजे पति दिनेश, पोशाकी, मुकेश और गोवर्धन ने एकराय होकर नीलम के साथ मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर वह अपने परिचित मुकेश , मोहनलाल और अन्य लोगों के साथ गांव नौगवां पहुंचे, जहां बेटी का शव पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ न होने पर विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। मामले में थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया।

टिप्पणियाँ