एडी हेल्थ ने ज़िला पुरुष व महिला अस्पताल का किया निरीक्षण, बदहाली की खुली पोल
बदायूं। एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल ने गुरुवार को जिला पुरुष और महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों में भारी अव्यवस्थाएं और गंदगी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएस को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।
एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल ने जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल के विभिन्न विभागों जैसे सीटी स्कैन, इमरजेंसी, डायलिसिस यूनिट और ब्लड बैंक का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल मिली और स्टाफ की उपस्थिति में भी खामियां पाई गईं। महिला अस्पताल में स्थिति अधिक चिंताजनक रही, जहां गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और ऑपरेशन के नाम पर धन उगाही की जांच के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. रियाज अहमद भी मौजूद रहे, जिन्हें व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। एडी हेल्थ ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो संबंधित स्टाफ के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ठप मिलीं अल्ट्रासाउंड सेवा :
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी खामी अल्ट्रासाउंड सेवा का बंद होना पाई गई, जिससे गर्भवती महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एडी हेल्थ ने इस पर सीएमएस को जमकर फटकार लगाई। साथ ही डायलिसिस और ब्लड बैंक में भी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं न मिलने पर असंतोष जताया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें