चार दिन बाद मिला गंगा नदी में डूबे युवक का शव

बदायूं। अंत्योष्टि में शामिल होने आए फिरोजाबाद के व्यक्ति का शव गंगा में डूबने के चार दिन बाद बरामद हुआ। गंगा स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में समा गया था। गोताखोर लगातार तलाश में जुटे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार को गंगा घाट से करीब दो किलोमीटर दूर शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामला उझानी क्षेत्र के कछला गंगा घाट का है। नौ मई को फिरोजाबाद जनपद के जसराना थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की अंत्योष्टि के लिए परिजन और मोहल्ले के लोग कछला श्मशान घाट पहुंचे थे। उनके साथ आए 40 वर्षीय विजय अंतिम संस्कार के बाद घाट के दक्षिणी छोर पर गंगा स्नान करने लगे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूब गए। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद गोताखोरों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलने पर परिजन भी घाट पर पहुंच गए और लगातार खोजबीन जारी रही। दो दिन तक गोताखोर गंगा में तलाश करते रहे, लेकिन विजय का पता नहीं चल सका। परिजन चौथे दिन भी गंगा किनारे उनकी तलाश में जुटे रहे। मंगलवार दोपहर खजुरारा के पास गंगा में शव उतराता दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना पर नाव से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विजय के रूप में की तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ