ज़िले में 15 केंद्रों पर 79.93 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी आरक्षी भर्ती परीक्षा, दूसरे दिन 2,273 रहे ग़ैर हाज़िर 

परीक्षा के दौरान डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

बदायूं। आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा दूसरे दिन मंगलवार को 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासन की देखरेख में दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से सीसीटीवी की निगरानी में संपन्न हुयी। डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम के लिये निरीक्षण में सब कुछ ठीक मिला। आरक्षी भर्ती परीक्षा का दोनों पालियों में कुल उपस्थिति प्रतिशत 79.93% रहा।


आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा के लिये गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, इस्लामियां इंटर कॉलेज, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, एन.एम.एस.एन. दास कॉलेज, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज, जीआईसी, जीजीआईसी, राजकीय महाविद्यालय आवास विकास, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, एसके इंटर कॉलेज ए और बी ब्लॉक, सिंग्लर गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज उझानी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें 14 केंद्र शहर में हैं और एक केंद्र उझानी में है। इन सभी केंद्रों पर दूसरे दिन परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रवेश के दौरान पुलिस कर्मियों ने अभ्यार्थियों की गेट पर तलाशी ली। इसके बाद ही कक्ष तक जाने दिया। पुलिस कर्मियों ने गेट पर अभ्यार्थियों के कान भी चेक किये, कि कहीं कोई अभ्यर्थी ब्लूटूथ एवं अन्य किसी प्रकार की डिवाइस तो नहीं छिपाये है। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री नहीं मिली। 

प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होकर 12 बजे एवं द्वितीय पाली की परीक्षा तीन बजे शुरू होकर पांच बजे संपन्न हुई। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की गेट पर लंबी कतार लगी देखी गयी।एडीएम प्रशासन एवं परीक्षा नोडल अरुण कुमार ने बताया कि दो पालियों में आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।


बायोमैट्रिक के बाद कक्ष में जाने दिया :

 आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा में संबंधित एजेंसी ने अभ्यर्थियों के गेट के अंदर प्रवेश करने पर प्रवेश पत्र, आईडी की जांच की और बायोमैट्रिक प्रकिया पूरी होने के बाद ही अभ्यार्थियों को कक्ष की ओर बढ़ने दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों के लिये आइरिस की प्रकिया से भी गुजरना पड़ा।


रोडवेज बसों में आधे किराए में किया सफर : 

आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिये सरकार ने रोडवेज बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी है। बदायूं डिपो की 174 बसें परीक्षा को लेकर ऑनरूट हैं। इन बसों से दो दिन में आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले 14 हजार अभ्यर्थियों ने सफर किया। इन अभ्यर्थियों के लिये किराये में 11 लाख 25 हजार की छूट मिली है। जिले में संभल, अमरोहा, हापुड़, फर्रुखाबाद, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, शाहजहांपुर से अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। रोडवेज बसों में परीक्षा संपन्न होने पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखी गई।

आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में 5, 664 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें 4,520 अभ्यर्थी उपस्थित हुये एवं 1,144 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रथम पाली का उपस्थिति प्रतिशत 79.80% रहा। द्वितीय पाली में 5,664 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इनमें 4,535 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। वहीं, 1,129 ने परीक्षा छोड़ दी। द्वितीय पाली की परीक्षा का उपस्थिति प्रतिशत 80.07% रहा। दोनों पालियों का कुल उपस्थिति प्रतिशत 79.93% रहा। दोनों पालियों में परीक्षा छोड़ने वाले अभ्यर्थियों की कुल संख्या 2, 273 रही।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ