आंधी-बारिश से झोपड़ी पर ट्रांसफार्मर गिरने से दो मासूम बहन-भाई की मौत, मचा कोहराम


बदायूं। सोमवार शाम को आई आंधी-बारिश से हजरतपुर के गांव जमालपुर में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ट्रांसफार्मर गिरने से जान गंवाने वाले दोनों बहन-भाई मक्के की फसल की रखवाली करने गए थे।

गांव जमालपुर के रहने वाले संतोष खेती-किसानी के साथ बुकिंग पर कार भी चलाते हैं। उन्होंने अपने ट्यूबवेल के पास मौजूद खेत में मक्का की फसल कर रखी थी। सोमवार को उनका 11 साल का बेटा विशेष और पांच साल की बेटी अनामिका फसल की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान शाम को बारिश हुई तो दोनों भाई-बहन ट्यूबवेल के पास बनी झोपड़ी में बैठ गए। बारिश के साथ ही तेज आंधी आई तो ट्यूबवेल पर लगा ट्रांसफार्मर विद्युत पोलों के साथ झोपड़ी पर गिर गया। इससे दोनों बहन भाई की मौत हो गई। बारिश थमी तो आसपास के झोपड़ी के पास पहुंचे। पोल को हटाने के अंदर का नजारा देखकर सभी लोग स्तब्ध रहे गए। दोनों की मौत से घर में कोहराम मच गया। हजरतपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 जमालपुर में हुए हादसे के बाद का दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया। पोस्टमार्टम के बाद जब मासूम विशेष का शव गांव पहुंचा तो मां उसे गोद में लेकर फूट-फूटकर रोती रही। परिवार की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।


हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह सरकारी अमले के साथ जमालपुर गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मासूम भाई-बहन की मौत से गांव में पसरे शोक के बीच जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला देर तक चलता रहा।


आंधी और बारिश के दौरान झोपड़ी पर ट्रांसफार्मर गिरने से दो बच्चों की मौत होने की सूचना मिली है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

-अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ