पुलिस मुठभेड़ में भैंस चोर गिरफ्तार, एक सिपाही भी घायल
बदायूं। हजरतपुर पुलिस ने मुठभेड़ में गोली लगने के बाद भैंस चोर को गिरफ्तार किया। बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हुआ। बदमाश के पास से पांच हजार दौ सौ रुपये, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल बदमाश और सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस बदमाश के साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
हजरतपुर थाना पुलिस जमालपुर गांव के शमशान घाट के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में हजरतपुर थाने में तैनात सिपाही जितेंद्र को गोली लग गई। फायरिंग करने के बाद बदमाश ने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम पप्पू उर्फ पापू उर्फ साजन निवासी नदरेई जनपद कासगंज बताया। पुलिस की पूछताछ में बदमाश ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भैंस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
सीओ दातागंज राहुल पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पर अलीगढ़, मुरादाबाद समेत कई अन्य जिलों में सात मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश पप्पू उर्फ साजन ने 17/18 मई की रात हजरतपुर थाना क्षेत्र से भैंस चोरी की थी। आज भी वह भैंस चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। घायल बदमाश और घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टिप्पणियाँ