अनियंत्रित ट्रैक्टर दुकान में घुसा, युवक की मौत, ट्रैक्टर चोरी करके भाग रहा था चोर
बदायूं। तीन साल पहले बेचे गए ट्रैक्टर को एक युवक चोरी कर ले गया। तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर ने पकौड़ी विक्रेता की दुकान को रौंदते हुए उसे भी कुचल दिया। परिजन उसे गंभीर हालत में मुरादाबाद लेकर गए, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव चनी के रहने वाले विजय कुमार पाल ने इस्लामनगर के सिठौली गांव के रहने वाले शैलेश से तीन साल पहले ट्रैक्टर खरीदा था। शुक्रवार दोपहर शैलेश उसी ट्रैक्टर को मक्का की फसल से लोड ट्रॉली सहित चुपचाप लेकर चला गया। शराब के नशे में होने के कारण वह ट्रैक्टर-ट्रॉली को उघैती-करनपुर रोड पर तेज रफ्तार से चला रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर गांव करनपुर पहुंचा, उसने उसे इस्लामनगर की ओर मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। सड़क किनारे स्थित एक दुकान के काउंटर को तोड़ते हुए वह अंदर बैठे पकौड़ी विक्रेता राहुल को रौंद गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल राहुल को बाहर निकालकर इलाज के लिए गंभीर अवस्था में मुरादाबाद भेज दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शराब के नशे में होने की आशंका पर उसका मेडिकल भी कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि दुकान स्वामी की मौत हो गई है। आरोपी हिरासत में है। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ