अखिल भारतीय पंचायत परिषद का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत होने पर डॉ. राकेश सक्सैना का हुआ सम्मान

अलीगढ़ में 19 जुलाई को होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

अलीगढ़, 28 जून।  अखिल भारतीय पंचायत परिषद की पश्चिमी उत्तर प्रदेश सदस्यों की तैयारी समिति की एक आवश्यक बैठक दीक्षा कुंज सभागार में पूर्व विधायक खैर स्व. प्यारेलाल के पुत्र चौधरी महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन परिषद के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर गवेंद्र सिंह एडवोकेट ने किया।

ठाकुर गवेंद्र सिंह ने बताया कि आगामी 19 जुलाई को अखिल भारतीय पंचायत परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक अलीगढ़ में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1958 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री बलवंत राय मेहता ने पंचायतों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से परिषद की स्थापना की थी। परिषद लगातार पंचायतों को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करती रही है।

उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परिषद की सिफारिशों के आधार पर संविधान संशोधन विधेयक प्रस्तुत किया था, जो लोकसभा में पारित हो गया, लेकिन राज्यसभा में एक वोट से पारित नहीं हो सका। बाद में पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के कार्यकाल में 73वें और 74वें संविधान संशोधनों के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक आधार मिला और ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न प्रावधान किए गए।

उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को आज जो अधिकार प्राप्त हैं, वे परिषद के लंबे संघर्ष का परिणाम हैं। हालांकि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सेवाओं के क्षेत्र में पंचायतों को और अधिक अधिकार दिए जाने की आवश्यकता है, जिसके लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है।

बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रशेखर दीक्षित, ठाकुर सतीश सिंह, पूर्व राज्य मंत्री डॉ. राजाराम आनंद, ठाकुर जगदीश सिंह, विपिन सिंह राणा एडवोकेट, अहिंसा फाउंडेशन के महासचिव सरदार दलजीत सिंह, कलम की ताकत पत्रकार महासंगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर आरिफ अली खान, पूर्व पार्षद नवाब अब्बासी और केपी सोसायटी के कोषाध्यक्ष आकाश सक्सेना सहित अन्य वक्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को भव्य बनाने तथा देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं के लिए एक आयोजन समिति का गठन किया जाएगा। इसमें ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर पंचायत और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।

अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद धर्मवीर सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया।

बैठक के अंत में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय की स्वीकृति से राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अशोक चौहान ने समाजसेवी, ट्रेड यूनियन नेता, अहिंसा फाउंडेशन एवं आजाद हिंद सभा के अध्यक्ष डॉ. राकेश सक्सेना को अखिल भारतीय पंचायत परिषद का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किए जाने पर माल्यार्पण और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

डॉ. राकेश सक्सेना ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण द्वारा स्थापित संस्था में राष्ट्रीय सचिव का दायित्व मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने परिषद के कार्यों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक में कुंवर कुशवीर सिंह एडवोकेट, प्रदीप कुमार एडवोकेट, प्रकाशवीर आर्य, राजीव लीडर, भगवानदास पाली एडवोकेट, अवनीश राघव एडवोकेट, पुष्पेंद्र रघुवंशी, सोहिल प्रधान, मुकेश गुप्ता, शोएब खान, पवन प्रताप सिंह, हबीब उजमा, रईस प्रधान, ताहिर हुसैन, रिंकू पाल, चरण सिंह नागर, हरिओम श्रीवास्तव, यशपाल सिंह यादव, प्रेमपाल सिंह बघेल, सनी ठाकुर, चौधरी पुष्पेंद्र सिंह, मानसिंह, अनिल कुमार एडवोकेट, सद्दाम हुसैन पार्षद, लाला खां, सरदार अवतार सिंह अरोड़ा, दिनेश कुमार शर्मा, सतीश शर्मा, गजेंद्र सिंह यादव, रजनी रावत सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ