दरगाह परिसर में मारपीट के वायरल वीडियो के मामले में सात लोगों पर मुकदमा दर्ज
बदायूं। बड़े सरकार दरगाह परिसर में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों पर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़, धमकी और आम रास्ता बाधित कर अफरातफरी फैलाने के आरोप में सात लोगों पर पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।
सदर कोतवाली के बड़े सरकार दरगाह परिसर में 31 मई की रात हुई मारपीट के वीडियो वायरल होने के बाद लालपुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजू राणा की तहरीर पर दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राजू राणा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मौके पर पहुंचकर जानकारी और पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि पूर्व में अरमान पुत्र अजमेरी निवासी बड़े सरकार का अवैध असलाह से फायरिंग करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके संबंध में उसके खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जा चुकी है। उसी वीडियो को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 31 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे अरमान पुत्र मुन्नवर, सैफ पुत्र गफ्फार और अजुम पत्नी गफ्फार निवासी बड़े सरकार, अरमान पुत्र अजमेरी की दुकान पर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ करते हुए उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद दूसरा पक्ष भी मौके पर आ गया। चौकी प्रभारी राजू राणा ने बताया कि अरमान पुत्र अजमेरी, अजमेरी पुत्र कदीर, रिहान पुत्र अजमेरी व सुहाना पुत्री अजमेरी निवासी बड़े सरकार ने सैफ पुत्र गफ्फार, अजुम पत्नी गफ्फार और अरमान पुत्र मुन्नवर के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान आम रास्ता भी अवरुद्ध हो गया था, जिससे दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ