एडी हेल्थ डॉ. सीमा ने महिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, नसबंदी सेवा को शुरू करने के दिए निर्देश

बदायूं,। एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने वह अचानक यहां पहुंचीं तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हैरत में रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला अस्पताल में कुछ दिनों से बंद नसबंदी सेवा को शुरू करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि नसबंदी के लिए जो भी चिकित्सा उपकरण की जरूरत है उनको तत्काल खरीदा जाए। इसके बाद उन्होंने लेबर रूम और ऑपरेशन थियेटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल जिला महिला अस्पताल पहुंचीं। एडी हेल्थ के पहुंचने की खबर मिलते ही स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। लापरवाह डॉक्टर और स्टाफ भी कुछ ही देर में अपने-अपने केबिन में पहुंच गए। सीएमओ डॉ. विकास शर्मा भी अपने अधीनस्थों के साथ महिला अस्पताल पहुंचे और एडी हेल्थ के निरीक्षण के दौरान साथ रहे। सीएमओ के अलावा सीएमएस डॉ. शोभा अग्रवाल के साथ एडी हेल्थ ने सबसे पहले नसबंदी केंद्र का निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि नसबंदी हो या फिर डिलीवरी कक्ष में गर्भवतियों के ऑपरेशन दोनों में विशेष सावधानी बरती जाए। एडी हेल्थ ने कहा कि लापरवाह डॉक्टर और कर्मचारियों की सूची तैयार की जाए, ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके। इसके बाद वह लेबर रूम में पहुंचीं और वहां मौजूद स्टाफ से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। एडी हेल्थ ने कहा कि नसबंदी कक्ष में जो भी पुराने चिकित्सा उपकरण हैं उनके स्थान पर नए उपकरण मंगवाए जाएं। इसके अलावा ऑपरेशन के दौरान भी नए चिकित्सा उपकरणों का उपयोग किया जाए जिससे किसी भी मरीज को इंफेक्शन का सामना न करना पड़े। 

जिला महिला अस्पताल में काफी देर तक निरीक्षण के बाद वह सीएमओ कार्यालय में निरीक्षण के लिए पहुंचीं। सीएमओ कार्यालय का निरीक्षण कर सीएमओ से मेडिकल कॉलेज में महिला की मौत प्रकरण की जांच के बारे में भी पूछा। एडी हेल्थ ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के निर्देश सीएमओ को दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के होश उड़े रहे। निरीक्षण के बारे में सीएमओ ने बताया कि एडी हेल्थ ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर वहां बंद पड़ी नसबंदी सेवा को तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। नसबंदी और ऑपरेशन संबंधी चिकित्सा यंत्र नए खरीदने के निर्देश भी दिए हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ