मुठभेड़ में एक भैंस चोर के पैर में लगी गोली,गिरफ्तार, दो आरोपी फरार, सिपाही भी घायल
बदायूं। पशु चोरी की वारदात को अंजाम देने जा रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग में सिपाही घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तमंचा, कारतूस और पिकअप बरामद कर लिया। गिरफ्तार बदमाश के दो साथी फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
दातागंज पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ पशु चोर शाहजहांपुर की ओर से पिकअप से बेलाडाडी पुल के रास्ते दातागंज की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने पर बेलाडाडी पुल के पास पिकअप वाहन गड्ढे में फंस गया, जिसके बाद उसमें सवार तीनों लोग वाहन छोड़कर भागने लगे।
भागते समय एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें सिपाही नितिन आर्य गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव निवासी गुलशन के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गुलशन के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और पशु चोरी में प्रयुक्त पिकअप बरामद किया है। घायल बदमाश गुलशन और घायल सिपाही नितिन आर्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बदायूं और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में मुकदमे : प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार गुलशन का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ बदायूं और शाहजहांपुर के अलावा अन्य जनपदों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर पशु चोरी सहित करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
इलाज के बाद जेल भेजा गया गुलशन: मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार आरोपी गुलशन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी : मुठभेड़ के दौरान फरार हुए गुलशन के दो साथियों की तलाश में पुलिस जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

टिप्पणियाँ