किसान की मौत का कारण नहीं हो सका स्पष्ट, बिसरा सुरक्षित
झटका मशीन के करंट की चपेट में आने की थी आशंका,नहीं मिले कोई निशान
बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र के गांव दम्मीनगर में खेत पर मृत मिले किसान की मौत के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, जिसके चलते डॉक्टर ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया। शव पर किसी प्रकार के चोट या करंट से झुलसने के निशान भी नहीं मिले हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
गांव दम्मीनगर निवासी राजीव यादव 30 पुत्र रामदत्त यादव रविवार रात अपनी फसल की रखवाली करने खेत पर गए थे। खेत को जंगली जानवरों और आवारा पशुओं से बचाने के लिए झटका मशीन लगाई गई थी। सोमवार सुबह वह खेत में मृत मिले थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि वह झटका मशीन के तारों में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर उघैती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के दौरान डाक्टर को मौत की वजह का स्पष्ट संकेत नहीं मिला। इसके चलते बिसरा सुरक्षित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि राजीव नियमित रूप से खेत की रखवाली करने जाते थे।

टिप्पणियाँ