छह महिलाओं की मौत के बाद डीएम ने गठित की जांच समिति
बदायूं। करुआ पुल हादसे में छह महिलाओं की मौत के बाद डीएम अवनीश कुमार राय ने जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देगी।
डीएम ने एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और एआरटीओ हरिओम गौतम की समिति गठित की है। यह समिति हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। डीएम ने बताया कि समिति घटनास्थल का निरीक्षण कर यह पता लगाएगी कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। बुधवार को करुआ पुल के पास हुए हादसे में ई-रिक्शा सवार छह महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद डीएम स्वयं राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का मानना है कि हादसे के हर पहलू की निष्पक्ष जांच जरूरी है। समिति अपनी रिपोर्ट में हादसे के कारणों, सुरक्षा संबंधी सुझाव भी दे सकती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ