बुलडोजर कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शांति-व्यवस्था कायम रखने को पुलिस कर रही गश्त
बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव चतुरी नगला में ग्राम सभा की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर बनवाए गए हॉल में नई परंपरा डाले जाने के बाद विवाद शुरू हो गया था। उस हॉल में नमाज पढ़वाने के साथ ही उसको मस्जिद का रूप दिया गया तो ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। नई परंपरा डालने वाले दूसरे समुदाय के लोगों के खिलाफ ग्राम प्रधान से लेकर वहां के तमाम ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक के अधिकारियों से शिकायत की तो गुरूवार को एसडीएम की मौजूदगी में उस विवादित हॉल को बुलडोजर से गिरा दिया गया। गांव में तनाव की स्थिति न बने इसलिए पुलिस अब पूरी तरह से निगरानी कर रही है। पुलिस ने गांव में गश्त करते हुए चेतावनी भी जारी की।
कादरचौक क्षेत्र की ग्राम पंचायत ककोड़ा के मझरा चतुरी नगला में वर्ष 2010 में गांव के ही आले हसन पुत्र बुद्दी ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कर हॉल का निर्माण शुरू कर दिया था। उस वक्त ग्रामीणों ने किसी तरह का विरोध नहीं किया। हॉल का निर्माण होने के बाद उसने नई परंपरा डालने की कोशिश करते हुए नमाज अदा करवाई जाने लगी तो गांव वालों ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से शुरू कर दी। जांच के लिए टीमों का कई बार गठन हुआ, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद वर्ष 2022 में ककोड़ा की प्रधान अमरवती की ओर से नायत तहसीलदार कोर्ट में अर्जी दी गई। प्रधान के पुत्र मिंटू ने इस मामले में पैरवी जारी रखी। इसके चलते वर्ष 2022 में ही नायब तहसीलदार ने उस निर्माण को अवैध करार देते हुए उसके बेदखली के आदेश जारी किया। इसके बाद भी उस हॉल को न तो खाली कराया गया और न ही उसको ध्वस्त किया गया। मामला डीएम तक पहुंचा तो गुरूवार को एसडीएम सदर मोहित सिंह के नेतृत्व में उस विवादित हॉल पर बुलडोजर चलवाकर उसको ध्वस्त किया गया। मस्जिद का रूप दिए गए उस हॉल को ध्वस्त कराने के बाद क्षेत्र में शांति-व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए पुलिस ने चौकसी बरतनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मोहम्मदगंज पुलिस चौकी इंचार्ज मोहित नैन अपनी फोर्स के साथ पूरी तरह अलर्ट रहे। इलाके में अमन-चैन और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल बेहटा दम्मीनगर, बादुल्लागंज समेत विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की। इस दौरान पुलिस की ओर से चेतावनी दी गई कि किसी ने भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ