सड़क हादसे में घायल दरोगा की इलाज के दौरान मौत
बिसौली। कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार दरोगा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, घायल सिपाही का अभी भी इलाज चल रहा है। दरोगा और सिपाही शुक्रवार शाम बिसौली कोतवाली क्षेत्र के रनेट इलाके में गश्त करके लौट रहे थे। इसी दौरान बिसौली की ओर से आ रही कार सवार ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हादसा शुक्रवार शाम बिसौली कोतवाली क्षेत्र के बिल्सी-इस्लामनगर रोड स्थित निजरा मोड़ के पास हुआ था। मूलरूप से अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर कला गांव निवासी और बिसौली कोतवाली में तैनात दरोगा देवराज सिंह अमरोहा के ही रहने वाले सिपाही अमित के साथ गश्त करके कोतवाली लौट रहे थे। इसी दौरान बिल्सी-इस्लामनगर रोड स्थित निजरा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दरोगा देवराज सिंह और सिपाही अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सीओ बिसौली संजीव कुमार और बिसौली कोतवाल कमलेश मिश्रा, इंस्पेक्टर क्राइम चमन गिरी पुलिस मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर दरोगा देवराज सिंह और सिपाही अमित को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दरोगा देवराज सिंह की शनिवार सुबह मौत हो गई, जबकि सिपाही अमित का इलाज जारी है। दरोगा की मौत के बाद मुरादाबाद में ही पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
1987 में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे, प्रमोशन पाकर बने दरोगा : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दरोगा देवराज सिंह ने वर्ष 1987 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर नौकरी शुरू की थी। लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई थानों में जिम्मेदारियां निभाईं। कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के चलते उन्हें प्रमोशन मिला और वह दरोगा बने। पुलिस विभाग में उन्होंने करीब चार दशक तक सेवाएं दीं। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
29 नवंबर 2025 से बिसौली कोतवाली में तैनात थे देवराज : दरोगा देवराज सिंह की तैनाती 29 नवंबर 2025 को बिसौली कोतवाली में हुई थी। इसके बाद से वह यहीं अपनी सेवाएं दे रहे थे। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ वह गश्त और अन्य पुलिस गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
शुक्रवार शाम ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई। उनके निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी शोक है।
कार की टक्कर से दरोगा और सिपाही घायल हुए थे। दोनों को इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दरोगा देवराज सिंह की मौत हो गई। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

टिप्पणियाँ