ज़िले के पांच कॉलेज की मान्यता रद्द, मची खलबली
बदायूं। दो साल से छात्र नामांकन शून्य होने पर जिले के पांच कॉलेज की मान्यता चली गयी है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने कार्रवाई करते हुये रिपार्ट शासन को भेज दी है। स्कूल, कॉलेजों की मान्यता जाने के बाद अब खलबली मची है।
जिले के हरविलास गोयल इंटर कॉलेज उझानी, मौलाना आजाद हाईस्कूल सहसवान, एसआरजीएस एचएसएस करौलिया, सीएलडी एचएसएस दातागंज, जेएसएम इंटर कॉलेज पचतौर में दो साल से एक भी छात्र-छात्रा का नामांकन नहीं किया गया। जबकि कई बार विभाग की ओर से पत्र भी जारी हुआ, लेकिन फिर भी नामांकन नहीं हुये।
दो साल तक एक भी नामांकन न होने पर नियमानुसार इन सभी कॉलेज एवं स्कूल की मान्यता रद कर दी गयी है। जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने मान्यता रद करने की कार्रवाई करते हुये रिपोर्ट शासन को भी भेज दी है।
मान्यता रद होने के बाद अब ये कॉलेज संचालक डीआईओएस कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। डीआईओएस लालजी यादव ने बताया कि जिले के हरविलास गोयल इंटर कॉलेज उझानी, मौलाना आजाद हाईस्कूल सहसवान, एसआरजीएस एचएसएस करौलिया, सीएलडी एचएसएस दातागंज, जेएसएम इंटर कॉलेज पचतौर में दो साल तक नामांकन शून्य होने पर मान्यता नियमानुसार स्वत: रद हो गयी है।

टिप्पणियाँ