परिषदीय स्कूलों के कमजोर छात्रों के लिए चलाया जाएगा ‘कैच-अप’ अभियान
लखनऊ। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के कमजोर छात्रों के लिए ‘कैच-अप’ अभियान चलाया जाएगा। पुनरावृत्ति, त्रुटियों का विश्लेषण व गलतियों से उन्हें सिखाया जाएगा। अगस्त 2026 से जनवरी 2027 तक यह अभियान चलेगा। इसमें रोजाना 20 से 30 मिनट तक नियमित ‘कैच-अप’ शिक्षण कार्य कराया जाएगा। अपर मुख्य सचिव बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसमें बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पहले जुलाई में 15 दिवसीय विशेष पुनरावृत्ति शिक्षण अभियान चलाया जाए।
इसमें भाषा व गणित में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। अगस्त से रोजाना 20 से 30 मिनट तक ‘कैच-अप’ शिक्षण होगा। इसमें यह तय होगा कि किन-किन छात्रों के लिए दैनिक शिक्षण योजना बनाकर काम किया जाना है।
जनवरी 2027 तक चलने वाले इस अभियान में विद्यालयों में अलग से पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों को सरल ढंग से स्थानीय परिवेश के उदाहरणों से उन्हें समझाया जाएगा। टीचिंग लर्निंग मैटेरियल, प्रिंटरिच सामग्री एवं शिक्षक डायरी का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।
विद्यार्थियों को बिग बुक, चार्ट, कहानी, पोस्टर्स व पुस्तकालय की पुस्तकों का उपयोग कर विशेष पढ़ाई कराई जाएगी। शिक्षक विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुसार सरल काम से चरणबद्ध ढंग से जटिल काम देंगे। शिक्षक विद्यार्थियों की त्रुटियों का विश्लेषण कर देखेंगे कि वे कहां पर कठिनाई महसूस कर रहे हैं। इसके आधार पर विद्यार्थियों को पढ़ाई कराई जाएगी।

टिप्पणियाँ