ट्रेन की चपेट में आकर छात्रा की मौत
बदायूं। ट्रेन की चपेट में आकर छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल शुरू कर दी है।
हादसा सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में शेखूपुर रेलवे स्टेशन से पहले हुआ। उसावां थाना क्षेत्र के सेहा गांव निवासी मुनेशपाल की 19 वर्षीय बेटी रान्या ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद शेखूपुर स्थित आसिम सिद्दीकी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में 20 जून को बीसीए में प्रवेश लिया था। शनिवार सुबह वह किसी काम से कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसी दौरान शेखूपुर रेलवे स्टेशन से पहले वह ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रा की पहचान कर परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
मुनेश पाल ने बताया कि उनकी बेटी रान्या की इच्छा डॉक्टर बनने की थी। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ