शहर में छह केंद्रों पर नीट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
बदायूं,। नीट परीक्षा में पेपर कठिन होने के चलते परीक्षार्थियों को दिमाग पर ज्यादा जोर देना पड़ा। परीक्षार्थियों के लिये केमिस्ट्री और फिजिक्स के सवालों का जवाब देने के लिये अतिरिक्त समय देना पड़ा, ऐसे में कुछ परीक्षार्थियों के अन्य प्रश्न भी प्रभावित हो गये। निगेटिव मार्किंग के चलते परीक्षार्थियों ने जिन प्रश्नों का उत्तर सही लगा उसी का जवाब दिया, बाकी अंक कटौती के चलते छोड़ दिये। परीक्षार्थियों का कहना था कि पिछली बार की परीक्षा से इस बार कैमिस्ट्री और फिजिक्स कुछ कठिन थी, जबकि बायोलॉजी सरल थी।
नीट परीक्षा के लिये शहर के एसके इंटर कॉलेज, दास कॉलेज, जीजीआईसी, इस्लामियां इंटर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय शेखूपुर एवं केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज के लिये केंद्र बनाया गया। इन केंद्रों पर 11 बजे से लेकर डेढ़ बजे तक परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश दिया गया। प्रवेश के दौरान गेट पर परीक्षार्थियों की कड़ी तलाशी ली गई। इसके बाद ही उन्हें कक्ष तक जाने दिया गया। डेढ़ बजे परीक्षा केंद्रों का गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा तीन बजे से शुरू होकर सवा पांच बजे संपन्न हुई। परीक्षा के लिए 3,027 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इनमें 2,806 परीक्षार्थी शामिल हुये एवं 221 ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्रीय विद्यालय शेखूपुर के प्रधानाचार्य एवं नीट परीक्षा नोडल नरेश कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में सख्ती के बीच कराई गई। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। पुलिस ने केंद्रों के आसपास किसी को नहीं रुकने दिया। पुलिस ने फोटो स्टेट की दुकानें बंद करा दी थी।

टिप्पणियाँ