कक्षा 9 से 12 तक विद्यार्थियों का ओएमआर शीट पर होगा यूनिट टेस्ट
प्रयागराज। प्रदेश के 2635 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नौ से 12 तक के पांच लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का यूनिट टेस्ट अब ओएमआर शीट पर होगा। इससे विद्यार्थियों को ओएमआर पर होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं से पहले ही परिचित कराने में सहायता मिलेगी। समग्र शिक्षा अभियान की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के तहत इसका क्रियान्वयन होना है। इससे बच्चे भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार होंगे।
कक्षा नौ और दस में हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जबकि कक्षा 11 व 12 में हिन्दी, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र/राजनीति विज्ञान, वाणिज्य, लेखाशास्त्र एवं व्यवसाय अध्ययन विषयों के शिक्षकों की विशेषज्ञ समिति गठित की जा रही है।
पहले चरण में इन्हीं विषयों के यूनिट टेस्ट ओएमआर पर कराएंगे।
समिति में खासतौर से ऐसे शिक्षकों को शामिल किया जा रहा है जिन्हें प्रश्नपत्र निर्माण और बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कम से कम पांच साल का अनुभव है। जिन शिक्षकों को कंप्यूटर तथा विभिन्न डिजिटल पोर्टल, प्लेटफार्म प टूल्स की जानकारी है और उपयोग करना आता है, उन्हें वरीयता दी जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय का कहना है कि विशेषज्ञ समिति के लिए शिक्षकों के नाम भेजे जा चुके हैं। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि यह अच्छी पहल है। इससे बच्चे भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार होंगे।

टिप्पणियाँ