मक्के के खेत से मिला 3 दिन से लापता युवक का शव, मचा हड़कंप
फैजगंज बेहटा। तीन दिन से लापता 20 वर्षीय युवक का शव सोमवार को मक्के के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था, जिससे पहचान मुश्किल हो गई। परिजनों ने कपड़ों और शारीरिक निशानों के आधार पर पहचान की। परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव नरौरी नरौरा का है। गांव का रहने वाला 20 वर्षीय ऋषिकांत पुत्र जयशंकर तीन दिन पहले शाम को घर से निकला था, लेकिन अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव के राजाराम के मक्के के खेत में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने कपड़ों और शरीर पर मौजूद निशानों के आधार पर उसकी पहचान ऋषिकांत के रूप में की। शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान करना बेहद मुश्किल था। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
मृतक के पिता जयशंकर ने आरोप लगाया कि परिवार का अपने भाई से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते उनके बेटे की हत्या कर शव खेत में फेंका गया है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ