प्राथमिक विद्यालय की खिड़की पर कोबरा आने से मचा हड़कंप
बदायूं। बारिश के दौरान प्राथमिक विद्यालय के एक क्लासरूम की खिड़की पर कोबरा आ गया। काफी देर तक उसे हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बाहर नहीं निकला। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय की छुट्टी कर दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग से रेस्क्यू के लिए टीम बुलाई गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह स्कूल खुलने के कुछ ही देर बाद एक नाग क्लासरूम की खिड़की पर आकर बैठ गया। कक्षा में सांप दिखाई देने पर शिक्षक बच्चों को सुरक्षित बाहर ले आए। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों ने काफी देर तक सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हटा। करीब दो से ढाई घंटे तक कोबरा खिड़की पर ही बैठा रहा, जिससे एहतियात के तौर पर विद्यालय की छुट्टी कर बच्चों को घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी विद्यालय परिसर में पहुंच गए।
सांप के नहीं हटने पर उझानी के पशु प्रेमी रूपेश कुमार को मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलने पर वह विद्यालय पहुंचे और सावधानी के साथ नाग का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद विद्यालय परिसर में स्थिति सामान्य हो गई और शिक्षकों व ग्रामीणों ने राहत महसूस की। विद्यालय बदायूं-बिल्सी मार्ग के किनारे स्थित है, जहां आसपास घनी घास और पेड़-पौधे होने के कारण बरसात के मौसम में अक्सर सांप निकल आते हैं।

टिप्पणियाँ