वक्फ बोर्ड की विवादित इमारत पर स्टे होने के बाद भी नहीं रुक रहा कार्य, डीएम से शिकायत
बदायूं। शहर के वैदोटोला में वक्फ बोर्ड की विवादित इमारत पर स्टे होने के बाद भी कुछ लोग उसको ध्वस्त कर मलबा ले जा रहे हैं। वक्फ संपत्ति से खुदबुर्द की शिकायत पुलिस के पास पहुंचने के बाद भी पुलिस ने इसमें किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस विवादित इमारत पर अपना मालिकाना हक जताने वाले व्यक्ति ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची थी जहां ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा था। राजस्व विभाग की टीम ने भी अपनी रिपोर्ट सौंपी है। इसके बाद भी पुलिस उसको नहीं रुकवा रही है।
शहर के वैदोटोला में मौजूद पुरानी इमारत को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। वक्फ की इस इमारत का कुछ लोगों ने इकरारनामा भी कर दिया। इसके बाद उसको ध्वस्त कराने का कार्य भी शुरू कर दिया गया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। विवाद बढ़ते ही उस इमारत और संपत्ति पर अपना मालिकाना हक जताते हुए इशरत अली पुत्र असरार अली निवासी खेड़ा बुजुर्ग थाना सिविल लाइंस ने जिम्मेदार अधिकारियों के सामने अपने दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि इसपर उनका मालिकाना हक है।यह वक्फ की संपत्ति है इसलिए इसको कोई नहीं बेच सकता।
जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि ये हमारी पुश्तैनी निजी मिल्कियत है। इसका वक्फ बोर्ड से कोई लेना देना नही है। जिसका लिखित प्रमाण हमारे पास है। हमारी इमारत जर्जर हालात में हो गई थी जिसे ठीक कराया जा रहा है।

टिप्पणियाँ