मुकदमा वापस न लेने पर विवाहिता के साथ मारपीट, तोड़ा पैर
बिल्सी। क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और विरोध करने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसका पैर तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उझानी थाना क्षेत्र के रोशननगर निवासी गिरजा शंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री छाया शर्मा का विवाह 20 फरवरी 2018 को रिसौली निवासी तेजेंद्र शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाहिता पर दहेज उत्पीड़न के एक मुकदमे को वापस लेने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। जब वह कहती थी कि इस संबंध में उसके पिता से बात करें, तो पति तेजेंद्र शर्मा, ससुर नरेंद्र शर्मा, सास हसमुखी और अन्य परिजन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे।
आरोप है कि छह जून 2026 को दोपहर करीब दो बजे पति, सास, ससुर और ननद सुनीता ने फिर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। विरोध करने पर सभी ने मिलकर विवाहिता की पिटाई कर दी।
तहरीर के अनुसार सास और ननद ने बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया, पति ने लात-घूंसों से मारपीट की, जबकि ससुर ने लाठी से हमला कर उसका बायां पैर तोड़ दिया। पीड़िता के पिता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी उसे जबरन उझानी रेलवे स्टेशन छोड़कर चले गए। वहां से विवाहिता ने फोन कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे घर लाया गया।
सीओ आलोक सिध्दू ने बताया कि बिल्सी कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

टिप्पणियाँ