बारात में आई पिकअप ने चारपाई पर सो रहे व्यक्ति को रौंदा, मौत

बदायूं। भतीजी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात में आई एक पिकअप ने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने चालक और पिकअप को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

हादसा थाना क्षेत्र के कस्बा कादरचौक में रविवार देर रात हुआ। कस्बा के रहने वाले 40 वर्षीय श्याम सिंह पुत्र परमेश्वरी के भाई चरनसिंह की बेटी कुसुमा की बारात थाना जरीफनगर क्षेत्र से आई थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद श्यामसिंह घर के बाहर सड़क किनारे चारपाई पर सो गए। इसी दौरान बारात में आई पिकअप का चालक गाड़ी लेकर बाहर गया और लौटते समय चारपाई पर सो रहे श्यामसिंह के ऊपर पिकअप चढ़ा दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

हादसे के बाद चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने भागने का प्रयास कर रहे पिकअप चालक और वाहन को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ