बदायूं से लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन का केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
बदायूं। कासगंज से बदायूं-बरेली-पीलीभीत होते हुए लखनऊ तक जाने वाली कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15312/15311) का रविवार को बदायूं में केंद्रीय मंत्री बीएलवर्मा और पीलीभीत में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। नयी ट्रेन शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग साक्षी बने।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि दिल्ली के बाद लखनऊ के लिये सीधी ट्रेन मिलना जिले के लोगों के लिये बड़ी सौगात है। मुझे बहुत खुशी है कि जिले के लाखों लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने का मौका मिला। इस रेल सेवा से विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों एवं आम यात्रियों को राजधानी तक आने जाने में काफी लाभ मिलेगा। ट्रेन प्रतिदिन सुबह में लखनऊ जायेगी और शाम को वापसी करेगी। इस ट्रेन से जो व्यक्ति लखनऊ जायेगा वह अपना काम निपटाकर वापस भी आ जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा है। यह ट्रेन विकास और बेहतर कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगी और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच एवं सफल नेतृत्व एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में देश में रेलवे अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। उन्होंने दोनों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, उझानी पालिका चेयरमैन पूनम अग्रवल, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, पूर्व पालिका अध्यक्ष दीपमाला गोयल, ब्लाक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, उझानी ब्लाक प्रमुख शिशुपाल शाक्य, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की डीआरएम वीणा सिन्हा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रिकीता आदि मौजूद रहे।
कासगंज से प्रातः 04:20 और बदायूं से 05:25 बजे प्रस्थान करेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 15312 कासगंज–ऐशबाग एक्सप्रेस कासगंज से प्रातः 04:20 प्रस्थान कर उझानी से 05:02 छूटकर, बदायूं 05:25, बरेली जंक्शन 06:15, इज्जतनगर 06:37, पीलीभीत 07:40, पूरनपुर 08:40, मैलानी 09:30, गोला गोकरणनाथ 09:50, लखीमपुर 10:26, सीतापुर जंक्शन 10:52, सिधौली 11:46, मोहिबुल्लापुर से 12:23 बजे छूटकर ऐशबाग जंक्शन 13:00 बजे पहुंचेगी एवं वापसी में गाड़ी संख्या 15311 ऐशबाग–कासगंज एक्सप्रेस ऐशबाग जंक्शन से 14:00 बजे प्रस्थान कर, मोहिबुल्लापुर 14:20 बजे छूटकर, सिधौली 14:58, सीतापुर जंक्शन 15:20, लखीमपुर 16:10, गोला गोकरणनाथ 16:40, मैलानी 17:25, पूरनपुर 17:52, पीलीभीत 18:45, इज्जतनगर 19:35, बरेली जंक्शन 20:10, बदायूं 21:10, उझानी से 21:25 बजे छूटकर कासगंज जंक्शन रात्रि 22:40 बजे पहुंचेगी।



टिप्पणियाँ