तेज रफ्तार कंटेनर ने डबल डेकर प्राइवेट बस को मारी टक्कर
कंटेनर में लदी 36 भैंस में से आठ की मौत
बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे पर गांव हसनपुर के पास गुरुवार देर रात सड़क हादसा हो गया। रात करीब डेढ़ बजे एक डबल डेकर प्राइवेट बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में कंटेनर का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कंटेनर में 36 भैंस लदी थीं, जिनमें से आठ की इस मौत हो गई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सुल्तानपुर से भैंस को लेकर एक कंटेनर संभल जा रहा था। हसनपुर गांव के पास कंटेनर अनियंत्रित होकर आगे चल रही डबल डेकर बस में पीछे से जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों ने सुरक्षित बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर के परिचालक मुकीम पुत्र नन्हे, निवासी मुरादाबाद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा।
हादसे के बाद बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया, जबकि क्षतिग्रस्त कंटेनर को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। हादसे के बाद शुरुआती कार्रवाई के दौरान कंटेनर में भरी भैंस की जानकारी सामने नहीं आ सकी।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने कंटेनर के अंदर भैंस देखीं, जिसके बाद मामले की जानकारी स्पष्ट हुई। सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भैंस का परीक्षण किया। जांच में आठ भैंस की मौत की पुष्टि हुई। हादसे के बाद मृत भैंस को हटाने और अन्य पशुओं की देखभाल की व्यवस्था की गई। वहीं हादसे के कारणों की जांच भी जारी है।

टिप्पणियाँ