अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, तीन क्लीनिक सील, संचालक पर मुकदमा
वजीरगंज। कस्बे में अवैध तरीके से संचालित क्लीनिक पर छापामारी के बाद एसडीएम के निर्देश पर क्लीनिक संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब जांच के बाद अवैध रूप से संचालित किए जने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जायेगी।
कस्बे में अवैध तरीके से संचालित क्लीनिक संचालकों पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस शिकायत के आधार पर गुरुवार को एसडीएम बिसौली ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कस्बे में छापेमारी की थी। इस दौरान तीन क्लीनिक सील किए गए और उनके संचालकों को नोटिस जारी किया गया। छापेमारी के दौरान एसडीएम ने कस्बा के बड़ा बाजार स्थित लवकुश हेल्थ केयर पर छापेमारी की तो पता चला कि वह क्लीनिक बिना पंजीकरण के संचालित था। प्रशासन की टीम के दौरान विरोध भी हुआ। लेकिन टीम ने दरकिनार कर कार्रवाई पूरी की।
जांच के दौरान क्लीनिक संचालक सुशील कुमार चिकित्सीय डिग्री के साथ ही रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा पाए इसलिए अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने और कार्रवाई के दौरान टीम के साथ नोकझोंक करने पर उनके खिलाफ सीएचसी सैदपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनेद मेहंदी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया। लोगों का कहना है अवैध क्लीनिक पर इलाज से कई बार जान पर बन आती है।

टिप्पणियाँ