अवैध क्लीनिकों पर एसडीएम ने की कार्रवाई, तीन क्लीनिक सील
बदायूँ। वजीरगंज कस्बे में अवैध तरीके से क्लीनिक चलाने वालों की शिकायतों के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को साथ में लेकर एसडीएम बिसौली ने वजीरगंज में छापेमारी की। इस दौरान तीन क्लीनिक सील किए गए और एक क्लीनिक संचालक को हिरासत में लिया गया। एसडीएम की छापेमारी के दौरान कस्बे के सभी झोलाछाप अपनी दुकानों पर शटर डाल गए। एसडीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अवैध रूप से क्लीनिक चलाने वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल इस छापेमारी के बाद करवा समेत आसपास के क्षेत्रों में अवैध तरीके से दुकानें चलाने वालों के होश उड़ गए हैं।
बीते दिनों वजीरगंज कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर बिना रजिस्ट्रेशन अवैध तरीके से संचालित क्लीनिकों के संचालकों पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गई थी। शिकायत के चलते गुरुवार को एसडीएम बिसौली साई आशीष शाखमुरी के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया गया। इसके बाद कस्बे में छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान लवकुश क्लीनिक व फिजियोथेरेपी सेंटर, कुमार क्लीनिक और खन्ना क्लीनिक को सील कर नोटिस चस्पा किया गया। संचालकों को जारी नोटिस में उनसे जवाब मांगा गया है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम बिसौली के अलावा नायब तहसीलदार अनवराज सिंह, एमओआईसी सैदपुर डॉ. जुनैद मेहंदी ने बताया कि यह तीनों ही क्लीनिक अवैध तरीके से संचालित थे।
वहीं, बड़ा बाजार स्थित लवकुश क्लीनिक के संचालक को एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने हिरासत में लिया।

टिप्पणियाँ