राहुल पाण्डेय बने सीओ सिटी, अशेषनाथ सिंह को मिली दातागंज की कमान
        नव नियुक्त सीओ सिटी

बदायूं। पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने सीओ सर्किल में बदलाव करते हुए राहुल पाण्डेय को नया सीओ सिटी नियुक्त किया है। इससे पहले राहुल पाण्डेय सीओ दातागंज के पद पर कार्यरत थे।

इस फेरबदल के तहत, गैर जिले से स्थानांतरित होकर आए अशेषनाथ सिंह को दातागंज सर्किल का नया सीओ बनाया गया है।

दरअसल, कुछ समय पहले सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय का तबादला कासगंज जिले में हो गया था। रजनीश उपाध्याय सीओ क्राइम का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे, जिसके बाद से सीओ सिटी का पद रिक्त चल रहा था।

जारी आदेश के अनुसार सीओ दातागंज राहुल पाण्डेय को अब क्षेत्राधिकारी नगर का दायित्व सौंपा गया है। उनके पास पुलिस उपाधीक्षक लाइन, यातायात एवं मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी भी रहेगी। साथ ही उन्हें सीओ उझानी का लिंक अधिकारी बनाया गया है।

सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह को अब क्षेत्राधिकारी उझानी के साथ पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, चुनाव, पुलिस परामर्श बोर्ड, विशेष जांच प्रकोष्ठ, शिकायत प्रकोष्ठ, जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो, फील्ड यूनिट तथा चुनाव सेल के कार्यों का पर्यवेक्षण सौंपा गया है। उन्हें सीओ दातागंज का लिंक अधिकारी भी नामित किया गया है।

इसी प्रकार पुलिस उपाधीक्षक अशेषनाथ सिंह को क्षेत्राधिकारी दातागंज का कार्यभार दिया गया है। उनके अधीन दातागंज, अलापुर, हजरतपुर और उझानी क्षेत्र की कानून व्यवस्था का पर्यवेक्षण रहेगा। उन्हें सीओ नगर का लिंक अधिकारी बनाया गया है।

वहीं सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव को बिसौली क्षेत्र के साथ पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय का दायित्व सौंपा गया है तथा उन्हें सीओ सहसवान का लिंक अधिकारी नामित किया गया है।

सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू को बिल्सी, इस्लामनगर और उघैती क्षेत्र की कानून व्यवस्था के साथ पुलिस उपाधीक्षक अपराध एवं जिला साइबर क्राइम सेल का पर्यवेक्षण सौंपा गया है। उन्हें सीओ बिसौली का लिंक अधिकारी बनाया गया है।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि जिले भर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।उन्होंने  सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती के अनुरूप कार्यभार ग्रहण कर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ