उर्स- ए-रजवी की तैयारियों ने पकड़ी रफ़्तार, बैठक आयोजित


बरेली। उर्स-ए-आला हजरत की नई तारीख को लेकर दरगाह आला हजरत समेत पूरे खानदान में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच उर्स-ए-रजवी की तैयारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को जमात रजा-ए-मुस्तफा, ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी (आरएसी) समेत अन्य तंजीमों से जुड़े जिम्मेदारों ने अपने-अपने कार्यालयों में बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की।

उर्स-ए-रजवी के सिलसिले में ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी की पहली बैठक हर साल की परंपरा के अनुसार उर्स-ए-अमीने शरीअत के दिन आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में उर्स-ए-रजवी के आयोजन का पहला खाका तैयार किया गया। बैठक में मरकजी मस्जिद बीबी जी में उर्स के पहले दिन होने वाले नातिया मुशायरे और दूसरे दिन के जलसे में शिरकत करने वाले नातख्वां और उलमा की सूची पर विचार-विमर्श किया गया। तीसरे और अंतिम दिन होने वाले कुल की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। मौलाना अदनान रजा कादरी ने कहा कि जल्द ही उर्स-ए-रजवी की एक बड़ी बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें कई जिलों से उलमा, आरएसी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होकर तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। बैठक के आखिर में मुल्क में अमन-चैन और उर्स की कामयाबी के लिए दुआ कराई गई। बैठक के बाद मौलाना अदनान रजा कादरी का काफिला कांकरटोला स्थित दरगाह-ए-अमीने शरीअत पहुंचा, जहां उन्होंने और मौजूद अकीदतमंदों ने हाजिरी देकर अकीदत के फूल पेश किए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ