कुल्हाड़ी से गला काटकर पिता की हत्या करने वाला बेटा गिरफ्तार
बिनावर। कुल्हाड़ी से गला काटकर पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने चौथे दिन गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को घटपुरी रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
मामला बिनावर थाना क्षेत्र के गांव ब्यौर का है। यहां 10 जुलाई की रात ऐवरन ने रुपये के विवाद में अपने पिता राधेलाल की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के पोते राजवीर पुत्र कालीचरण ने थाना बिनावर में ऐवरन और उसके साथी राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में बताया गया कि खेत में खड़ी मक्का की फसल बेचने के बाद रुपये को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान ऐवरन ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी, जबकि वारदात में राकेश का भी सहयोग होने का आरोप लगाया गया।
प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ को मुखबिर से सूचना मिली कि ऐवरन घटपुरी रेलवे स्टेशन के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया गया है। वहीं, नामजद आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही।

टिप्पणियाँ