सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत, पिता समेत चार लोग घायल

कलान। गोद भराई समारोह से लौट रहे परिवार की बोलेरो को मक्के से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो में सवार 18 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता समेत चार अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसा रविवार तड़के करीब दो बजे कलान थाना क्षेत्र में गढ़िया छबि महमदियापुर गांव के पास हुआ। बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र के उगैनी गांव निवासी नेहा अपने परिजनों के साथ पीलीभीत में ममेरे भाई की गोद भराई समारोह में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के बाद परिवार बोलेरो से वापस उसहैत लौट रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में तेज रफ्तार मक्के से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बोलेरो में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खिड़की के पास बैठी नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके पिता, ममेरा भाई हरिओम, उनकी मां शकुंतला समेत चार लोग घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया। नेहा 11वीं कक्षा की छात्रा थी और दो भाइयों व तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ