सड़कों पर छुट्टा गोवंश बने जानलेवा
सांड़ ने दो भाइयों पर किया हमला, एक की मौत, दूसरा जख्मी
बिसौली। क्षेत्र में शनिवार रात सांड़ ने बाइक से जा रहे दो सगे भाइयों पर हमला बोल दिया। हादसे में बाइक पर सवार एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवर को कोतवाली क्षेत्र के गांव भानपुर निवासी बंटी मिश्रा (48) पुत्र रामकिशोर मिश्रा अपने बड़े भाई दयाशंकर मिश्रा उर्फ पप्पू मिश्रा (55) के साथ एक ही बाइक से बगरैन में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे फिरोजपुर पुलिया के पास अचानक एक सांड़ ने बाइक पर हमला बोल दिया। हमले से दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रानेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली भेजा। सीएचसी में चिकित्सकों ने बंटी मिश्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दयाशंकर मिश्रा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतक बंटी मिश्रा पेशे से किसान थे। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे इसके बाद सीएचसी आ गए।
मृतक बंटी के पांच बच्चे हैं। पत्नी सरोज मिश्रा हादसे के बाद बेसुध हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टिप्पणियाँ