लंगूर के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल , गाँव में दहशत
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव सतेती में लंगूर के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला अपनी परचूनी की दुकान पर बैठी थी, तभी अचानक लंगूर ने उस पर हमला बोल दिया और माथे पर काट लिया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया।
गांव सतेती चूरा पट्टी निवासी मुन्नी देवी पत्नी बृजवासी शनिवार सुबह अपनी परचूनी की दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव में पिछले दो दिनों से घूम रहा एक जंगली लंगूर अचानक दुकान पर पहुंच गया और महिला पर हमला कर दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, लंगूर ने उनके माथे पर काट लिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने किसी तरह लंगूर को वहां से भगाया और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिनों से लंगूर गांव में घूम रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से लंगूर को पकड़कर गांव से हटाने की मांग की है।

टिप्पणियाँ