उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष ही प्रशासक नियुक्त, आज समाप्त हो रहा था कार्यकाल
लखनऊ। यूपी में जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। शनिवार को इनका पांच साल का कार्यकाल खत्म हो रहा था। ऐसे में ये निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष ही अगला चुनाव होने तक प्रशासक के रूप में कार्य करेंगे। यह पहला मौका है, जब इन्हें प्रशासक के रूप में जिला पंचायत की कमान सौंपी गई है।
प्रमुख सचिव, पंचायती राज अनिल कुमार की ओर से शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक के रूप में नियुक्त किए जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्षों को ही प्रशासक के रूप में बागडोर सौंपी गई है। इससे पहले 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें प्रशासक नियुक्त किया गया था। पंचायती राज विभाग की ओर से ब्लाक प्रमुखों को भी प्रशासक बनाया जाना तय माना जा रहा है।

टिप्पणियाँ