स्कूलों के अनाधिकृत एवं मानकों के विपरीत संचालित वाहन पर होगी कार्रवाई
बदायूं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक की गयी। जिसमें मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 अभियान के तहत अनाधिकृत एवं मानकों के विपरीत संचालित स्कूली वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई एवं विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विद्यालयों में प्रार्थना के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाये एवं यातायात नियमों को प्रार्थना सभा का नियमित हिस्सा बनाया जाये। उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को अनाधिकृत एवं असुरक्षित वाहनों से विद्यालय न भेजें।
छोटे बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए स्कूली वाहनों में महिला/पुरुष सहायक की अनिवार्य व्यवस्था की जाये, जिससे बच्चों को सुरक्षित रूप से वाहन में बैठाने एवं उतारने की जिम्मेदारी तय हो सके। 11 अगस्त से शुरू हुआ 25 अगस्त तक “मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत विशेष अभियान चलाया जायेगा। अभियान के दौरान जनपद में स्कूल बस, वैन एवं बच्चों के आवागमन में प्रयोग में आने वाले अन्य वाहनों की विशेष चेकिंग की जाएगी।

टिप्पणियाँ