तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम की मौत, बिना पोस्टर्माटम किया सुपुर्द-ए-खाक


बदायूँ। बिनावर क्षेत्र के गांव गुरुपुरी चन्दन में शुक्रवार को तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। खेलते समय तालाब में गिरी चप्पल निकालने के प्रयास में बालक गहरे पानी में समा गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव गुरुपुरी चन्दन निवासी मुशर्रत अली का सात वर्षीय पुत्र मोहम्मद हसन शुक्रवार को घर के पास खेल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि खेलते समय उसकी चप्पल पास स्थित तालाब में गिर गई। चप्पल निकालने के प्रयास में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। हादसे के समय परिवार के लोग जुमे की नमाज अदा करने गए हुए थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर तालाब में बच्चे पर पड़ी तो उसे बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत गांव में शोक का माहौल छा गया और बड़ी संख्या में लोग परिवार को ढांढ़स बंधाने पहुंचे। परिजनों ने किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई कराए बिना ही बच्चे को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। थाना बिनावर प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं मिली है। यदि कोई सूचना व तहरीर प्राप्त होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ