बैंक ने बिना बताए कर दिया बीमा, पॉलिसी बांड घर पहुंचने पर हुई जानकारी, किसानों ने किया हंगामा
उझानी। खातों में जमीन अधिग्रहण का मुआवजा आने के बाद बैंक की ओर से किसानों के बिना बताए बीमा खोलने का मामला सामने आया। पॉलिसी के बांड घर पहुंचने पर किसानों को इसकी जानकारी हुई। सोमवार को किसान बैंक पहुंचे और रुपये वापस करने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और समझाकर मामला शांत कराया।
दो वर्ष पूर्व अडौली गांव के कुछ किसानों की जमीन हाईवे बाईपास निर्माण के लिए अधिग्रहित हुई थी। इसके एवज में उन्हें मुआवजा मिला था। मुआवजे की राशि प्राप्त करने के लिए किसानों ने नगर की एक्सिस बैंक शाखा में खाते खुलवाए थे। किसानों का कहना है कि मुआवजा आने के बाद बैंक अधिकारियों ने कुछ रकम की एफडी करने की बात कही, लेकिन उनकी जानकारी के बिना रेगुलर बीमा खोल दिए गए। किसानों को इसकी जानकारी उस समय हुई, जब डाक से बीमा पॉलिसी के बांड उनके घर पहुंचे। किसानों ने बैंक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। सोमवार को किसान एकत्र होकर बैंक पहुंचे और अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
आपत्ति दर्ज कराने वाले किसानों में बबलू, शकुंतला, वीरेंद्र साहू, सर्वेश शर्मा और नितिन साहू शामिल रहे। किसानों ने बैंक अधिकारियों पर गुमराह कर बीमा खोलने का आरोप लगाते हुए रकम वापस करने की मांग की। शाखा प्रबंधक अच्चुयत शुक्ला ने बताया कि मामला उनके कार्यभार संभालने से पहले का है।

टिप्पणियाँ