कांवड यात्रा का चंदा इकट्ठा करने को लेकर दो पक्ष भिड़े ,युवती को लगी गोली
दातागंज के बेनी नगला की घटना, तमंचा समेत एक गिरफ़्तार
बदायूं। कांवड यात्रा को लेकर चंदा करने के बाद शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग में गोली लगने से एक युवती घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं फायरिंग करने वाले एक आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बेनी नगला का है। गांव के रहने वाले नन्हेंलाल कश्यप और जगतपाल कश्यप के बीच शराब के नशे कांवड के लिए चंदा इकठ्ठा करने को लेकर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और फायरिंग होने लगी। आरोप है कि जगतपाल की ओर से की गई फायरिंग में गांव निवासी सुखपाल कश्यप की 18 वर्षीय पुत्री रीना की बाजू में गोली लग गई। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दातागंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई।
प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने फायरिंग के आरोपी जगतपाल कश्यप को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से तमंचा भी बरामद किया गया है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं दूसरे पक्ष का नन्हेंलाल कश्यप मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ