‘मिशन रक्षासूत्र’ के तहत जागरूकता रैली निकालकर पुलिस ने दिया सुरक्षा का संदेश
बदायूं। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा उपायों की जानकारी दी और विषम परिस्थितियों में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबरों के इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और सीओ सिटी राहुल पाण्डेय के नेतृत्व में महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह की अगुवाई में गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत ‘मिशन रक्षा सूत्र’ के अंतर्गत जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत करना है। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी। साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की गई।

टिप्पणियाँ