ड्रग इंस्पेक्टर से जुड़ा एक और वीडियो वायरल, अवैध वसूली का आरोप
कादरचौक। ड्रग इंस्पेक्टर से जुड़ा एक दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक मेडिकल संचालक उन पर महीनादारी वसूली का आरोप लगा रहा है। यह व्यक्ति बीते दिनों जोरी नगला में की गयी मेडिकल स्टोर से कार्रवाई से संबंधित है।
ड्रग इंस्पेक्टर पर इन दिनों गंभीर आरोपों में घिरे चल रहे हैं। जोरी नगला में छापेमारी के दौरान विभाग के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी द्वारा रुपयों के लेनदेन के वायरल वीडियों में जांच शुरू हो गयी हैं, वहीं रविवार के लिये एक दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कादरचौक क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालकों से महीनादारी वसूली और बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर चलवाने का आरोप है। वायरल वीडियो में हरिओम नाम का व्यक्ति खुद को श्रद्धा मेडिकल स्टोर का संचालक बता रहा है। वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति का कहना है कि बीते दिनों ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा लेनदेन का जो वीडियो वायरल हुआ है वह दो साल पुराना है। बीते दिनों हमारे भाई के मेडिकल जोरी नगला से छापा माकर डेढ़, दो लाख की दवाईयां भर लीं और मेडिकल भी सीज कर दिया। अब तक डीआई के पास तीन, साढ़े तीन लाख रुपये पहुंच चुके हैं। हम भाई को मेडिकल खुलवाने के लिये कार्यालय में बात करने गये थे तो डीआई ने कहा कि क्यों लाइसेंस पर खर्च करोगे, जो लाइसेंस पर खर्च करोगो वह मुझे देना, छापेमारी के लिये तो हम ही जायेंगे। इस बार महीना देने में देरी हो गयी तो डीआई ने छापा मारकर कार्रवाई कर दी। संबंधित व्यक्ति का आरोप है कि क्षेत्र में ककोड़ा समेत अन्य स्थानों पर डीआई द्वारा हर महीने रुपये लिये जाते थे। मुझे भी वसूली के लिये कॉल आती थी। इस मामले से संबंधित सोशल मीडिया वायरल वीडियो की हिन्दुस्तान स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
इधर ड्रग इंस्पेक्टर लवकुश प्रसाद ने खुद पर लगाये गये आरोप बेवुनियाद बताये हैं। उनका कहना है कि संबंधित का मेडिकल बिना लाइसेंस संचालित था, जिस पर कार्रवाई के बाद मेडिकल संचालक बौखलाये हैं। जांच में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।

टिप्पणियाँ