हर-हर गंगे के जयकारो के बीच उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, पांच लाख श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
बदायूं। सावन के दूसरे सोमवार को भागीरथ घाट पर पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया। सोमवार को भोर से ही गंगा घाट पर हर-हर गंगे के जयकारे गूंजने लगे। यहां स्नान करने के बाद भोले भक्त कांवड़ लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। यहां करीब सात घंटे तक जाम लगने से भोले भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ लाखों में पहुंची। यहां कछला गंगा घाट से बाहर पेट्रोल पंप तक जाम लग गया। डाक कांवर लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को इस जाम में काफी परेशानी उठानी पड़ी। काफी लंबा जाम लगने की वजह से पुलिस प्रशासन के हाथ-पांच फूल गए। जाम का आलम यह था कि बाइक सवार खेतों से होकर निकले। रविवार की रात को बड़ी संख्या में अपने वाहनों और डीजे लेकर जब शिवभक्त पहुंचे दातागंज, पीलीभीत, पूरनपुर, नवाबगंज, बीसलपुर, उसहैत, कादरचौक, फरीदपुर, सहसवान, बरेली, उसावां, धर्मपुर, बिल्सी, वजीरगंज बिसौली के अलावा कासगंज, अलीगढ़ सिकंदराऊ, हाथरस, भरतपुर, जयपुर, कायमगंज, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, ग्वालियर, भिण्ड मुरैना, दतिया, भोपाल, इंदौर आदि के कांवड़िया यहां पहुंचे तो जाम लग गया। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कछला गंगा घाट पर ज्यादा भीड़ की वजह से अपनों से बिछड़े बच्चों को मिलवाया गया।

टिप्पणियाँ