मकान व ट्रांसफार्मर पर गिरी आकाशीय बिजली, फुंका ट्रांसफार्मर, मकानों में आई दरार
बदायूं। शहर में शनिवार दोपहर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर फुंक गया, जबकि आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं। तेज धमाके से इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद लोग काफी देर तक दहशत में घरों के भीतर ही रहे।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शहर के सदर कोतवाली के मालवीय गंज पुलिस चौकी के सामने रखे ट्रांसफार्मर और हुसैनी गली स्थित कुछ मकानों के ऊपर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। लोगों का कहना है कि उस समय बारिश नहीं हो रही थी, इसलिए अचानक बिजली गिरने से सभी हैरान रह गए। घटना में ट्रांसफार्मर फुंक गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं कई मकानों की दीवारों और लिंटर में दरारें आ गईं। घटना के बाद आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। हुसैनी गली निवासी प्रदीप भारद्वाज ने बताया कि तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरते हीक्षेत्र में धुआं और अंधेरा जैसा माहौल हो गया। धमाके की आवाज से लोग सहम गए। कई घरों में टीवी, इन्वर्टर व अन्य उपकरण खराब हो गए। इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

टिप्पणियाँ