चोरी के दो आरोपी, एक बाल अपचारी को किया गिरफ्तार
बदायूं। कादरचौक थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और उनके साथ एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पीतल के बर्तन, स्टील की थालियां, एक एलईडी सहित करीब 25 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव खिरिया बाकरपुर निवासी मुन्नालाल के घर में तीन अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर पीतल के बर्तन, कपड़े, एलईडी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। बुधवार को उपनिरीक्षक राकेश कुमार वर्मा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए कुढाशाहपुर तिराहे के पास से रोहित उर्फ असलम पुत्र रसीद खां, रंजीत पुत्र नोनिहाल व उनके साथ एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया।
बिल्सी,। अपने ही पिता के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले युवक को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव दीननगर शेखपुर निवासी जयपाल सिंह ने 19 जुलाई को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से एक लाख रुपये नगद तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस लगातार सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपित की तलाश में जुटी थी।
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के जेवर बेचने की फिराक में एक युवक नाई पिंडरी तिराहे के पास खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दीननगर शेखपुर निवासी अरविंद उर्फ हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चार सोने के कंगन, एक सोने की चेन, सोने का हार, नथ, अंगूठी, चांदी की तगड़ी, चांदी का सिक्का तथा 10 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 18-19 जुलाई की रात अपने पिता के घर से ही नकदी और जेवर चोरी किए थे। वह बरामद जेवर बेचने जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर रिपोर्ट में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।

टिप्पणियाँ