बिल्सी सीएचसी के ब्लॉक लेखा प्रबंधक ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप
बदायूं। बिल्सी सीएचसी पर तैनात ब्लॉक लेखा प्रबंधक ने अपने ऊपर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। सीएचसी में ही तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दंपति पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत पुलिस और सीएमओ से की गई है। उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने सीएमओ को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीएमओ को दिए ज्ञापन में उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण बल्लभ चतुर्वेदी, जिला महासचिव डॉ. प्रभाकर मिश्रा, जिला महामंत्री अशोक माथुर ने बताया है कि संगठन के ही कर्मचारी सीएचसी बिल्सी पर तैनात ब्लॉक लेखा प्रबंधक राजकुमार मौर्य पर जानलेवा हमला किया गया है। बताया गया है कि वह अपने कक्ष में जब सरकारी कार्य निपटा रहे थे तब चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ उनके कक्ष में आ गया। उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उस कर्मचारी की पत्नी ने जो वीडियो बनाई उसमें एक पक्षीय कार्रवाई बताई गई है। ब्लॉक लेखा प्रबंधक की ओर से संगठन ने सीएमओ को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने उनको एससी, एसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है।

टिप्पणियाँ