संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मुजरिया। विवाहिता की फंदा लगाने से हुई मौत के बाद मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पोस्टमार्टम में हैंगिग से मौत होने से की बात सामने आई है।
मामला मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव ज्योरा परवाला का है। यहां रहने वाले प्रेमपाल की 23 वर्षीय पत्नी राधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव नंदगांव के रहने वाले मृतका के पिता जसपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जून 2021 में राधा की शादी प्रेमपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। उनकी बेटी पिछले चार दिनों से बुखार से पीड़ित थी और तबीयत खराब होने के कारण घर का काम नहीं कर पा रही थी। इसी बात को लेकर सास, ससुर और पति उसे प्रताड़ित करते थे।
मृतिका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने मारपीट कर उनकी बेटी की हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक विदेश शर्मा ने बताया कि विवाहिता की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ