अब बिल्सी में 11 माह का बच्चा स्वाइन फ्लू संक्रमित
बदायूं,। जिले में अब 11 महीने का बच्चा भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गया। स्वाइन फ्लू की चपेट में आए बच्चे का इलाज बरेली की निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। यहां पर जांच के दौरान स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई। बरेली मेडिकल कॉलेज से रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू के अब तक नौ मामले सामने आ चुके हैं। इसमें एक स्वाइन फ्लू संक्रमित महिला की मौत हो चुकी है। हालांकि जो बच्चा स्वाइन फ्लू संक्रमित निकला है वह डिस्चार्ज हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चे के परिजनों की स्क्रीनिंग कर होम आइसोलेट की सलाह दी है।
जिले में संक्रामक रोगों की शुरूआत होते ही सबसे पहले स्वाइन फ्लू के पांच मरीज सामने आए थे। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे ने जांचों का दायरा बढ़ाते हुए गांव-गांव कैंपिंग शुरू की तो कुछ दिनों के लिए संक्रामक रोग थमे तो अगले कुछ दिन में ही स्वाइन फ्लू के दो और केस सामने आ गए। इसमें स्वाइन फ्लू संक्रमित एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद स्वाइन फ्लू का एक और मरीज निकला तो यहां संख्या आठ हो गई थी।
इसी बीच बुधवार को बरेली की मेडिकल कॉलेज से जिला सर्विलांस अधिकारी को रिपेार्ट मिली कि बरेली में इलाज के दौरान बिल्सी क्षेत्र के रहने वाले 11 माह के बच्चे को भी स्वाइन फ्लू हुआ है। बिल्सी क्षेत्र में एक और केस निकलने से हरकत में सभी बरेली के निजी अस्पताल में हुई जांचों में की गई पुष्टि इस संबंध में सर्विलांस अधिकारी डॉ. तहसीन का कहना है कि बच्चा स्वस्थ्य है और घर पहुंच चुका है। बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बच्चे को स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई, इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद टीमों को गांव भेजकर बच्चे के परिजनों की स्क्रीनिंग कराने के साथ ही आसपास के लोगों की जांच कराई जा रही है

टिप्पणियाँ