संक्रमितों की स्क्रीनिंग करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को लगी वैक्सीन
बदायूं। जिले में स्वाइन फ्लू के संक्रमितों के संपर्क में रहने वालों की स्क्रीनिंग के साथ ही डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम में लगे स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण से बचाने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन मिली है। कर्मचारियों की संख्या को देखते हुए काफी ज्यादा मात्रा में वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग को मिली है। यह वैक्सीन गुरुवार को चार स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई गई ताकि उन पर संक्रमण हावी न हो सके। संक्रामक रोग नियंत्रण सेल के नोडल अधिकारी को वैक्सीनेशन कराए जाने का जिम्मा दिया गया है।
जिले में संक्रामक रोग फैल चुके हैं। सबसे चिंता वाली बात स्वाइन फ्लू को लेकर है। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के सात केस सामने आए थे जिसमें एक संक्रमित महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। ऐसे में स्वाइन फ्लू की स्क्रीनिंग के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। स्वाइन फ्लू संक्रमितों के संपर्क में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग रोजाना स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कर रहे हैं। ऐसे में कहीं वह खुद ही संक्रमण का शिकार न हो जाएं तो उनके लिए संक्रमण से बचाने वाली वैक्सीन की डिमांड शासन को भेजी गई थी। बुधवार को शासन स्तर से भारी मात्रा में वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग को मुहैया कराई गई है। इसके साथ ही निर्देशित किया गया है कि संक्रमण की खोज में लगे सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान चलाकर वैक्सीन लगाई जाए। संक्रामक रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. तहसीन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को संक्रमण से बचाने के लिए वैक्सीन की डिमांड की गई थी। अब वैक्सीन मिल चुकी है।
चार स्वास्थ्यकर्मियों को लगी वैक्सीन
स्वाइन फ्लू के संक्रमितों के परिजन और उनके संपर्क में आने वाले लोगों की खोज को तमाम स्वास्थ्यकर्मियों को लगाया गया है। ऐसे में उन स्वास्थ्य कर्मियों को स्वाइन फ्लू अपने कब्जे में न ले ले इसके लिए वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग को मिल चुकी है। गुरुवार को जिला अस्पताल में टीम में जुड़े चार स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई गई।

टिप्पणियाँ